19 मई, 2023 तक प्रचलन में मौजूद 2,000 रुपये के कुल 98.12% नोट 31 दिसंबर, 2024 को कारोबार की समाप्ति पर वापस आ चुके हैं। RBI ने मंगलवार को कहा कि प्रचलन में मौजूद 2000 रुपये के नोटों का कुल मूल्य, जो 19 मई, 2023 को कारोबार की समाप्ति पर 3.56 लाख करोड़ रुपये था, घटकर 6,691 करोड़ रुपये रह गया है।
केंद्रीय बैंक ने 19 मई, 2023 को 2000 रुपये के नोटों को प्रचलन से वापस लेने का एलान किया था। रिज़र्व बैंक द्वारा 2000 रुपये के नोटों की वापसी की स्थिति समय-समय पर प्रकाशित की जाती है। 2000 रुपये के नोटों को जमा करने और/या बदलने की सुविधा देश की सभी बैंक शाखाओं में 7 अक्टूबर, 2023 तक उपलब्ध थी।
2000 रुपये के नोटों को बदलने की सुविधा 19 मई, 2023 से RBI के 19 निर्गम कार्यालयों में उपलब्ध है। 09 अक्टूबर, 2023 से RBI निर्गम कार्यालय भी व्यक्तियों/संस्थाओं से उनके बैंक खातों में जमा करने के लिए 2000 रुपये के नोट स्वीकार कर रहे हैं। इसके अलावा, आम लोग देश के किसी भी डाकघर से भारतीय डाक के माध्यम से 2000 रुपये के नोट किसी भी RBI निर्गम कार्यालय में अपने बैंक खातों में जमा करने के लिए भेज रहे हैं। RBI ने स्पष्ट किया कि 2000 रुपये के नोट वैध मुद्रा बने रहेंगे।

