हमारे देश में गृहिणियां छोटी-छोटी बचत करने में हमेशा आगे रही हैं, लेकिन अब महिलाएं शेयर बाजार यानी म्यूचुअल फंड के जरिए निवेश करने में भी काफी आगे आ गई हैं। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के आंकड़ों के मुताबिक, प्रौद्योगिकी तक पहुंच बढ़ने के कारण अधिक महिलाएं म्यूचुअल फंड में निवेश कर रही हैं। म्यूचुअल फंड के प्रबंधन के तहत परिसंपत्तियों में महिलाओं की हिस्सेदारी 2017 में 15.2 प्रतिशत से बढ़कर 2023 में 20.9 प्रतिशत हो गई है। गोवा में महिलाओं के बीच म्यूचुअल फंड की हिस्सेदारी सबसे अधिक 40 प्रतिशत है।
AMFI के आंकड़ों के मुताबिक, शहरों की तुलना में भीतरी इलाकों में यह गति अधिक है, बी-30 शहरों में महिलाओं की फोलियो और संपत्ति की हिस्सेदारी 15 प्रतिशत से बढ़कर 18 प्रतिशत और 17 प्रतिशत से बढ़कर 28 प्रतिशत हो गई है। महिला निवेशकों के आयु विश्लेषण से पता चलता है कि लगभग 50 प्रतिशत महिला निवेशक 25-44 वर्ष के आयु वर्ग में आती हैं, जबकि व्यक्तिगत निवेशकों के कुल समूह में यह लगभग 45 प्रतिशत है। महिला म्यूचुअल फंड वितरकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
गोवा के बाद उत्तर-पूर्वी राज्य 30 फीसदी के साथ दूसरे स्थान पर हैं. AMFI के आंकड़ों के मुताबिक नई दिल्ली, चंडीगढ़ और महाराष्ट्र में भी महिलाओं की हिस्सेदारी 30 फीसदी से ज्यादा है. ज्यादातर महिलाएं SIP के जरिए म्यूचुअल फंड में निवेश कर रही हैं और अगर वे म्यूचुअल फंड वितरक के माध्यम से निवेश करती हैं तो उनका निवेश लंबे समय तक बना रहता है।

