भारत समेत दुनिया भर में व्हाट्सएप का इस्तेमाल आज करोड़ों लोग करते हैं। मेटा ने हाल ही में व्हाट्सएप पर कई शानदार फीचर्स रोलआउट किए हैं। अब हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म अपने यूजर्स के लिए अंतरराष्ट्रीय भुगतान को आसान बनाने के लिए एक बड़ा अपडेट ला रहा है।
नए अपडेट के खुलासे के मुताबिक व्हाट्सएप इन दिनों एक नया फीचर लाने की तैयारी कर रहा है जो भारत में यूजर्स को ऐप के जरिए international payments करने की सुविधा देगा। यह Unified Payment Interface (UPI) की मदद से संभव होगा जो ऐप पर पहले से मौजूद है।
खुलासे के मुताबिक, इस नई सुविधा को इंटरनेशनल पेमेंट्स कहा जाएगा और इसका इस्तेमाल करके भारतीय बैंक खाताधारक विदेश में पैसे ट्रांसफर कर सकेंगे। हालाँकि, आप इस सुविधा का लाभ केवल उन्हीं देशों में ले पाएंगे जहाँ बैंकों द्वारा अंतर्राष्ट्रीय UPI सेवा स्वीकार की गई है।
खुलासे में सामने आए स्क्रीनशॉट से यह भी पता चलता है कि यूजर्स को सेटिंग्स में जाकर इंटरनेशनल पेमेंट्स को मैन्युअली ऑन करना होगा। इसके अलावा यूजर्स को यह समय अवधि भी चुनने की सुविधा मिलेगी कि वे कितने समय तक इंटरनेशनल पेमेंट चालू रखना चाहते हैं।
भारत में Google Pay, Paytm और PhonePe जैसे UPI प्लेयर पहले से ही इसी तरह की सेवाएं प्रदान करते हैं। वहीं, अगर व्हाट्सएप भी ऐसी सुविधा देता है तो यह अन्य यूपीआई प्लेयर्स को कड़ी टक्कर देगा। हालाँकि, कंपनी ने अभी तक इस बारे में कोई पुष्टि नहीं की है।

