नई दिल्ली: कर्ज से जूझ रही टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आईडिया का चालू वित्त वर्ष 2020-21 की तीसरी तिमाही में कंसॉलिडेटेड लॉस 4532.1 करोड़ रुपये रहा. पिछले वित्त वर्ष की तुलना में टेलीकॉम कंपनी का नेट लॉस कम हुआ है. पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही अक्टूबर-दिसंबर 2019 में वोडाफोन आईडिया को 6438.8 करोड़ का नेट लॉस हुआ था. दिसंबर तिमाही में ऑपरेशंस के जरिए रेवेन्यू में 1.7 फीसदी की गिरावट आई.
मार्केट शेयर के हिसाब से देश की तीसरी सबसे बड़ी कंपनी Vodafone Idea Ltd (Vi) को चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 7218 करोड़ रुपये का नेट लॉस हुआ था. 4जी वायरलेस कस्टमर में बढ़ोतरी, कॉस्ट ऑप्टिमाइजेशन और सर्विस क्वालिटी में सुधार के चलते कंपनी के नेट लॉस में गिरावट आई.
चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही अक्टूबर-दिसंबर 2020 में ऑपरेशंस के जरिए रेवेन्यू में गिरावट आई. कंपनी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक दिसंबर तिमाही में रेवेन्यू 1.7 फीसदी कम हुआ और इस गिरावट के बाद उसका रेवेन्यू 10894 करोड़ रुपये रहा. पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही अक्टूबर-दिसंबर 2019 की तीसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 11089.4 करोड़ रुपये का था. हालांकि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के मुकाबले कंपनी के रेवेन्यू में 1 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. कंपनी के रेवेन्यू में तिमाही आधार पर बढ़ोतरी का कारण औसतन प्रति यूजर रेवेन्यू (ARPU) का अधिक होना रहा. चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी का एआरपीयू 119 रुपये था जो तीसरी तिमाही में बढ़कर 121 रुपये हो गया. दिसंबर 2020 तिमाही में कंपनी का EBITDA बढ़कर 4286 करोड़ रुपये हो गया जबकि दिसंबर 2019 तिमाही में यह 3421 करोड़ रुपये था.

