नई दिल्ली: देश का निर्यात जनवरी 2021 में सालाना आधार पर 5.37 फीसदी बढ़कर 27.24 अरब डॉलर पर पहुंच गया है. वाणिज्य मंत्रालय के प्रोविजनल डेटा के मुताबिक, इसकी मुख्य वजह फार्मा और इंजीनियरिंग सेक्टर्स में अच्छी ग्रोथ होना है. महीने के दौरान व्यापार घाटा घटकर 14.75 अरब डॉलर हो गया, जो जनवरी 2020 में 15.3 अरब डॉलर था. दिसंबर 2020 में यह 15.44 अरब डॉलर था. जनवरी 2021 में आयात बढ़कर 2 फीसदी बढ़कर 42 अरब डॉलर पर पहुंच गया है.
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने एक ट्वीट में कहा कि आत्मनिर्भर भारत वैश्विक मंच पर आ गया है. मर्चेंडाइज एक्सपोर्ट बढ़कर जनवरी में 27.24 अरब डॉलर हो गया, जो सालना आधार पर 5.37 फीसदी की ग्रोथ है. निर्यात वाले उद्योगों को सरकार के प्रोत्साहन के साथ, मेक इन इंडिया नए साल में दुनिया की मदद कर रहा है.
डेटा के मुताबिक, फार्मास्युटिकल और इंजीनियरिंग का निर्यात क्रमश: 16.4 फीसदी (293 मिलियन डॉलर) और करीब 19 फीसदी (1.16 अरब डॉलर) बढ़ा है.
जिन दूसरे क्षेत्रों की अच्छी ग्रोथ रही है उनमें ऑय मील (253 फीसदी), आयरन ऑर (108.66 फीसदी), तम्बाकू (26.18 फीसदी), चावल (25.86 फीसदी), फल और सब्जियां (24 फीसदी), चादर (23.69 फीसदी), हैंडिक्राफ्ट (21.92 फीसदी), मसाले (20.35 फीसदी), चाय (13.35 फीसदी), काजू (11.82 फीसदी), प्लास्टिक (10.42 फीसदी) और कैमिकल (2.54 फीसदी) हैं.

