नई दिल्ली: कोरोना महामारी से देश की अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए सरकार बहुत जल्द राहत पैकेज लेकर आने वाली है। इसको लेकर शुक्रवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और प्रधानमंत्री मोदी की बैठक होने वाली है। इस बैठक में वित्त मंत्रालय के अहम सदस्य भी शामिल होंगे। यह जानकारी सूत्रों के हवाले से मिली है।
कल की बैठक में अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने को लेकर कई उपायों पर चर्चा होगी और उसके बाद इसका ऐलान किया जा सकता है। 1.7 लाख करोड़ के पहले राहत पैकेज में सरकार की कोशिश थी कि लॉकडाउन के कारण कोई भूखा ना रहे और तमाम घोषणाएं उसी को ध्यान में रखते हुए की गई थीं।
दूसरा राहत पैकेज कितना बड़ा होगा और किस तरह का होगा इसको लेकर फिलहाल विशेष जानकारी तो नहीं है हालांकि वित्त मंत्रालय में मुख्य आर्थिक सलाहकार संजीव सांन्याल ने कहा कि सरकार एकसाथ बड़ी घोषणा की जगह छोटी-छोटी घोषणाओं की नीति पर आगे बढ़ना चाहती है। ज्यादातर दूसरे देशों में बड़े राहत पैकेज की घोषणा की जा रही है। हम उस नीति पर आगे नहीं बढ़ना चाहते हैं।

