भारतीय शेयर बाजार में करीब 2 महीने से जारी बिकवाली के बीच आज एक बार फिर बड़ी गिरावट देखने को मिली। गुरुवार को बीएसई सेंसेक्स 422.59 अंक गिरकर 77,155.79 अंक पर और निफ्टी 50 भी 168.60 अंक गिरकर 23,349.90 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में अडानी पोर्ट्स के शेयर सबसे ज्यादा 13.53 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए।
शेयर बाजार में आई इस तबाही के कारण निवेशकों के लाखों करोड़ रुपए डूब गए हैं। 27 सितंबर को बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 4,79,10,402.02 करोड़ रुपए था, जो आज की गिरावट के बाद 4,26,55,205.05 करोड़ रुपए पर पहुंच गया है। इसका सीधा मतलब यह है कि सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचने के बाद बाजार में शुरू हुई गिरावट के कारण निवेशकों को अब तक कुल 52,55,196.97 करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है। लेकिन चिंता की बात यह है कि यह गिरावट कब तक जारी रहेगी और निवेशकों को और कितना नुकसान उठाना पड़ेगा। गुरुवार को दर्ज की गई सिर्फ़ एक दिन की गिरावट की वजह से निवेशकों को 5.35 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
आज बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 5,35,181.68 करोड़ रुपये घटकर 4,26,55,205.05 करोड़ रुपये रह गया। भारतीय शेयर बाजार में जारी इस बिकवाली में न सिर्फ़ बड़े निवेशक बल्कि छोटे निवेशक भी भारी नुकसान उठा रहे हैं। बाजार में आई इस गिरावट में शेयर निवेशकों के साथ-साथ म्यूचुअल फंड निवेशकों की संपत्ति भी लगातार तेज़ी से घट रही है।

