चीनी सोशल मीडिया कंपनी ByteDance ने भारत में अपना कारोबार समेटने का एलान किया है. साथ ही, कंपनी भारत में अपने 2,000 कर्मचारियों की संख्या को घटाकर न्यूनतम पर लाएगी. हालांकि, कंपनी ने कहा है कि वह भारत सरकार के साथ बातचीत जारी रखेगी. भारत में कंपनी के लोकप्रिय वीडियो ऐप टिकटॉक पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है. भारत में कंपनी की वापसी को लेकर अनिश्चितता कायम है.
टिकटॉक के ग्लोबल अंतरिम हेड वेनेसा पाप्पस (Vanessa Pappas) और ग्लोबल बिजनेस सोल्यूशंस के वाइस प्रेजिडेंट ब्लेक चांडली (Blake Chandlee) ने कर्मचारियों को भेजे एक ईमेल में कंपनी के फैसले के बारे में बताया कि वह टीम घटा रही है और इस फैसले से भारत के सभी कर्मचारियों पर असर होगा. ByteDance के सूत्रों ने कहा कि कंपनी भारत में अपने कर्मचारियों की संख्या कम कर रही है.
कंपनी भारत में चुनिंदा विभागों जैसे लीगल, एडमिनिस्ट्रेशन, मानव संसाधन और अकाउंट्स आदि में न्यूनतम कर्मचारियों के साथ काम करेगी. इन कर्मचारियों के साथ वह सेटलमेंट और सरकार के साथ संपर्क कायम करने का काम करेगी. अधिकारियों ने कंपनी की भारत में वापसी पर अनिश्चितता जाहिर की, लेकिन कहा कि आने वाले समय में ऐसा होने की उम्मीद बनी हुई है.
ByteDance के एक सूत्र के मुताबिक कंपनी ने बुधवार को एक टाउन हॉल का आयोजन किया, जहां उसने भारत के कारोबार को बंद करने के बारे में बताया. कर्मचारियों को तीन महीने की सैलरी और कंपनी में काम के प्रत्येक एक साल के लिए एक महीने की सैलरी की पेशकश की गई है. कंपनी के अधिकारियों ने कहा कि वे यह नहीं जानते कि वे भारत में कब वापसी करेंगे. हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में वे ऐसा कर पाएंगे. जब इस बारे में टिकटॉक के प्रवक्ता से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा कि कंपनी ने 29 जून, 2020 को जारी भारत सरकार के आदेश का लगातार पालन कर रही है.

