मुंबई: रिलायंस जियो के बाद विदेशी संस्थागत निवेशक अब रिलायंस इंडस्ट्रीज की सहायक कंपनी रिलायंस रिटेल की तरफ आकर्षित हो रहे हैं. वैश्विक निवेश फर्म जनरल अटलांटिक ने 0.84% इक्विटी के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज की सहायक कंपनी रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (आरआरवीएल) में 3675 करोड़ रुपए का निवेश करने का निर्णय लिया है. यह रिलायंस रिटेल में तीसरा बड़ा निवेश है. इससे पहले रिलायंस रिटेल में सिल्वर लेक और केकेआर भी निवेश कर चुकी है. बुधवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और रिलायंस रिटेल वेंचर्स ने इस निवेश की घोषणा की. सौदे में रिलायंस रिटेल की प्री-मनी इक्विटी वैल्यू 4.285 लाख करोड़ रुपए आंकी गयी है. यह खबर लिखे जाने तक बीएसई में रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर भाव 12 रुपए बढ़कर 2257 रुपए हो गया था.
साल की शुरुआत में जनरल अटलांटिक ने जियो प्लेटफॉर्म्स में 6,598 करोड़ का निवेश किया था. यह जनरल अटलांटिक का रिलायंस इंडस्ट्रीज की एक सहायक कंपनी में दूसरा निवेश है. रिलायंस रिटेल लिमिटेड के देश भर मे 2 हजार से ज्यादा स्टोर्स हैं. यह भारत का सबसे बड़ा और सबसे तेजी से विकसित होने वाला रिटेल बिजनेस है. रिलायंस रिटेल के पास देश के सबसे लाभदायक रिटेल बिजनेस तमगा भी है. रिलायंस रिटेल ने अपनी नई वाणिज्य रणनीति के तहत छोटे और असंगठित व्यापारियों का डिजिटलीकरण शुरू किया है. कंपनी का लक्ष्य 2 करोड़ व्यापारियों को इस नेटवर्क से जोड़ना है.

