देश आज तेजी से हरित या नवीकरणीय ऊर्जा की ओर बढ़ रहा है। बैंकों द्वारा भी ग्रीन एफडी की शुरुआत की गई है. यह एफडी लगभग सामान्य एफडी की तरह ही होती है. ये डिपॉजिट इंश्योरेंस एंड क्रेडिट गारंटी कॉरपोरेशन एक्ट 1961 के तहत कवर होते हैं। इस वजह से ग्रीन एफडी में पैसा खोने का कोई जोखिम नहीं होता है। फिलहाल एसबीआई, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और एयू बैंक ग्रीन एफडी की पेशकश कर रहे हैं।
भारतीय स्टेट बैंक द्वारा एसबीआई ग्रीन रुपी टर्म डिपॉजिट की पेशकश की जा रही है। इस एफडी में आप न्यूनतम 1000 रुपये से निवेश शुरू कर सकते हैं. इसमें कोई अधिकतम सीमा नहीं है. इसमें तीन अवधि की एफडी की पेशकश की जा रही है। 1111 दिन और 1777 दिन की एफडी पर सामान्य निवेशकों को 6.65 फीसदी और वरिष्ठ निवेशकों को 7.15 फीसदी का ब्याज दिया जा रहा है. 2222 दिनों की एफडी में निवेशकों को 6.40 फीसदी और वरिष्ठ निवेशकों को 7.40 फीसदी ब्याज दिया जा रहा है.
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा ग्रीन टाइम डिपॉजिट की पेशकश की जा रही है। बैंक 1111 दिनों की ग्रीन एफडी पर 5.90 फीसदी ब्याज, 2222 दिनों की ग्रीन एफडी पर 6.00 फीसदी ब्याज और 3333 दिनों की ग्रीन एफडी पर 6.10 फीसदी ब्याज दे रहा है.
एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक द्वारा एयू ग्रीन फिक्स्ड डिपॉजिट एफडी की पेशकश की जा रही है। इसमें एक साल से लेकर 10 साल तक के लिए निवेश किया जा सकता है. बैंक 12 महीने की ग्रीन एफडी पर 6.75 फीसदी, 18 महीने की ग्रीन एफडी पर 8 फीसदी, 36 महीने की ग्रीन एफडी पर 7.50 फीसदी, 60 महीने और 120 महीने की ग्रीन एफडी पर 7.25 फीसदी ब्याज दे रहा है.

