अपने घर के साथ ही अब हर परिवार के अपनी फैमिली ट्री में एक कार रखना भी ज़रूरी होता जा रहा है. कार खरीदने के लिए देश के कई सरकारी और निजी बैंक लोन देते हैं। अन्य ऋणों की तरह कार लोन पर ब्याज भी आपके क्रेडिट स्कोर पर निर्भर करता है। अगर आपका क्रेडिट स्कोर या सिबिल स्कोर अच्छा है, तो बैंक आपको तुलनात्मक रूप से कम ब्याज दर पर लोन दे सकता है। इसके अलावा कई बैंक कार लोन के लिए त्योहारों के मौके पर ऑफर लेकर भी आते रहते हैं।
तो अगर आप कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो हम यहाँ उन बैंकों के बारे में आपको बताने जा रहे हैं जो कार लोन पर कम ब्याज ले रहे हैं, यानि अगर आप इन बैंकों से कार लोन लेंगे तो आपकी EMI में उसका फायदा नज़र आएगा।
तो सबसे पहले पंजाब नेशनल बैंक की बात करते हैं जहाँ 8.75 से 10.60 फीसदी तक की ब्याज दरों पर कार लोन मिल रहा है। बैंक प्रोसेसिंग फीस के तौर पर 1000 रुपये से 15,000 रुपये तक ले रहा है। पांच वर्षों के लिए पांच लाख के कार लोन पर आपको हर महीने 10,319 रुपये से लेकर 10,772 रुपये तक की ईएमआई देनी होगी।
इसी तरह पांच वर्षों के लिए पांच लाख के कार लोन पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र 8.70 से लेकर 13.00 फीसदी तक की ब्याज ले रहा है। यह बैंक कार लोन के लिए 1000 रुपये से लेकर 15,000 रुपये तक की प्रोसेसिंग फीस भी ले रहा है। यहाँ आपको हर महीने 10,307 रुपये से लेकर 11,377 रुपये तक की ईएमआई देनी होगी।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की बात करें तो पांच वर्षों के लिए पांच लाख के कार लोन पर 8.70 से लेकर 10.45 फीसदी तक की ब्याज वसूला जा रहा है। यह बैंक कार लोन के लिए प्रोसेसिंग फीस के तौर पर सिर्फ 1000 रुपये ले रहा है। यहाँ आपको हर महीने 10,307 रुपये से 10,735 रुपये की EMI देनी होगी।
उपरोक्त अवधि और लोन अमाउंट पर केनरा बैंक 8.70 से लेकर 12.70 फीसदी तक की ब्याज ले रहा है। यहाँ अधिकतम प्रोसेसिंग फीस 2500 रुपये हैऔर हर महीने 10,307 रुपये से लेकर 11,300 रुपये तक की ईएमआई देनी होगी।
यूको बैंक कार लोन के लिए प्रोसेसिंग फीस के तौर पर कोई पैसा नहीं ले रहा है जबकि ब्याज दर 8.45 से 10.55 फीसदी है। पांच वर्षों के लिए पांच लाख के कार लोन पर यहाँ हर महीने 10,246 रुपये से 10,759 रुपये की EMI देनी होगी।

