एडटेक स्टार्टअप कम्पनियाँ लगातार समस्याओं में घिरी हुई है यही वजह है कि वो लगातार कर्मचारियों की छटनी कर रही है. अब एडटेक स्टार्टअप अनएकेडमी ने एक बार फिर कंपनी में छंटनी की है। सॉफ्टबैंक समर्थित इस कंपनी ने 250 कर्मचारियों की छंटनी की गयी है। इनमें से 100 कर्मचारी बिजनेस डेवलपमेंट और मार्केटिंग डिपार्टमेंट में थे, इसके अलावा 150 कर्मचारी सेल्स टीम से थे। बताया जा रहा है कि कंपनी में पुनर्गठन के चलते उसने छंटनी का यह फैसला लिया।
अनएकेडमी ने एक बयान में कहा, ‘हम लगातार कंपनी के संचालन को सही करने और बिजनेस दक्षता बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। इस प्रक्रिया में हमने कंपनी के लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए पुनर्गठन किया है। अनएकेडमी ने पिछले 2 सालों में करीब 4 हजार लोगों को नौकरी से निकाला है। यह छंटनी कई चरणों में हुई है। अप्रैल 2022 में कंपनी के पास 6000 कर्मचारी थे। यह संख्या अब घटकर 2000 रह गई है।
पिछले साल मार्च में कंपनी ने एक साथ 12 फीसदी कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया था। कंपनी के सह-संस्थापक और सीईओ गौरव मुंजाल ने 30 मार्च 2023 की सुबह एक मैसेज के जरिए छंटनी की जानकारी दी थी। मैसेज में कहा गया था कि लागत कम करने और कारोबार को मुनाफे में लाने के लिए छंटनी की जा रही है। कंपनी की स्थापना 2015 में गौरव मुंजाल, रोमन सैनी और हेमेश सिंह ने की थी। अनएकेडमी ने अब तक करीब 7,318 करोड़ रुपये की फंडिंग जुटाई है। कंपनी ने अगस्त 2021 में करीब 3,672 करोड़ रुपये की फंडिंग जुटाई थी। उस समय कंपनी का मूल्यांकन 28,379 करोड़ रुपये था। 26 सितंबर 2023 की स्टैटिस्टा रिपोर्ट के मुताबिक अनएकेडमी के 1.3 करोड़ से ज्यादा ऑनलाइन यूजर हैं।