कोरोना वैक्सीन को लेकर आ रही सकारात्मक खबरों के कारण सोने की कीमत पर दबाव बढ़ता जा रहा है। ऐसे में क्या सोने की चमक अब गायब हो गई? यह सवाल इसलिए महत्वपूर्ण है कि क्योंकि नवंबर महीने में सोना 2600 रुपये से ज्यादा सस्ता हुआ है। इस महीने के अपने उच्चतम स्तर से यह 4000 रुपये से ज्यादा सस्ता हो चुका है।
अगस्त के महीने में सोना 56379 के अब तक के सबसे उच्चतम स्तर (Gold all time high) पर पहुंच गया था। इस सप्ताह 4 दिसंबर को डिलिवरी (Gold delivery price) वाला सोना 48106 रुपये प्रति दस के ग्राम के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के आखिरी दिन इसमें 411 रुपये की गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को सोना 48517 के स्तर पर बंद हुआ था। अगस्त के उच्चतम स्तर के मुकाबले इसमें 8200 रुपये से ज्यादा की गिरावट आई है।
पूरे महीने के प्रदर्शन पर गौर करें तो 30 अक्टूबर को दिसंबर डिलिवरी वाला सोना 50699 रुपये प्रति दस ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। 6 नवंबर को यह 52167 रुपये प्रति दस ग्राम के उच्चतम स्तर तक पहुंचा था। उसके बाद से लगातार इसमें गिरावट देखी जा रही है। 27 नवंबर को यह 48106 रुपये प्रति दस ग्राम के स्तर पर बंद हुआ। इस महीने के उच्चतम स्तर से इसमें 4000 रुपये की गिरावट और अक्टूबर के आखिरी दिन के मुकाबले पिछले चार सप्ताह में इसमें 2600 की गिरावट आई है।

