इस्लामाबाद। पाकिस्तान के सबसे बड़े कराची स्टॉक एक्सचेंज पर आज यानी सोमवार को सुबह एक आतंकी हमला हुआ। इस आतंकी हमले में 2 लोगों सहित 4 आतंकियों की मौत हो गई। आतंकियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया है। पाकिस्तान के डॉन न्यूज टीवी के अनुसार, स्टॉक एक्सचेंज पर हुए आतंकी हमले में कई लोग घायल भी हुए हैं। हमले के तुरंत बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र को सील किया और सर्च अभियान चलाया। मरे हुए आतंकियों के पास से पुलिस ने ग्रेनेड और हथियार बरामद किए हैं। डॉन न्यूज ने कहा है कि इस आतंकी हमले में मारे गए लोगों की संख्या में अभी और इजाफा हो सकता है। जानकारी के अनुसार कराची के सिविल अस्पताल में 5 डेड बॉडी और 7 घायलों को लाया गया है। जानकारी के अनुसार हमलावर एक वाहन से बिल्डिंग के बाहर पहुंचे थे और इसके बाद पार्किंग में दाखिल हो गए।
अचानक कराची स्टॉक एक्सचेंंज में फायरिंग की शुरुआत हो गई। इसके बाद अफतातफरी मच गई। जिसको जहां जगह मिली, वह वहीं छिप गया। इसके बाद पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला। एक जानकारी के मुताबिक सुरक्षा बलों ने स्टॉक एक्सचेंज में घुसे 2 आतंकियों को मार गिराया गया है। बाद में 2 और आतंकी भी मार गिराए गए। पाक के न्यूज चैनल जियो न्यूज के मुताबिक अभी भी कुछ आतंकी बिल्डिंग के अंदर मौजूद हो सकते हैं। पाकिस्तान के सुरक्षाबलों ने स्टॉक् एक्सचेंज की पूरी इमारत को घेर लिया है। आसपास की बिल्डिंगों पर स्लाइनपर्स भी तैनात हो गए हैं।

