नई दिल्ली: इंश्योरेंस कंपनियां टर्म लाइफ इश्योरेंस के प्रीमियम में 20 से 30 फीसदी तक बढ़ोतरी कर सकती हैं। दरअसल पिछले कुछ महीनों में टर्म लाइफ इंश्योरेंस का क्लेम बढ़ गया है, जिसको देखते हुए बीमा कंपनियों ने टर्म इश्योरेंस के प्रीमियम बढ़ाने का फैसला किया है।
सूत्रों के अनुसार इस बारे में इंश्योरेंस कंपनियों ने मार्केट रेगुलेटर से बात की है और उनको इंश्योरेंस मार्केट की स्थिति से अवगत कराया है। इरडा से ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद कंपनियां प्रीमियम में बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती हैं।
इंश्योरेंस कंपनी के एक अधिकारी के अनुसार पिछले कुछ महीनों में इंश्योरेंस के क्लेम में इजाफा हुआ था। क्लेम की संख्या में इतना इजाफा होगा इसका कंपनियों को अंदाजा नहीं था। कंपनियों की बैलेंसशीट इस आधार पर चलती है कि क्लेम के दावे कितने आते हैं तथा नई पालिसियां कितनी बिकती हैं। मगर अब इसमें अंसतुलन की स्थिति आ रही है।
अगर कंपनियों ने प्रीमियम नहीं बढ़ाया तो इसका सीधा असर उनकी वित्तीय हालत पर पड़ेगा। दरअसल एक साल में हम जितने क्लेम का आकलन कर रहे थे, अब क्लेम उससे कई ज्यादा है।

