मुंबई: टाटा मोटर्स समूह की वैश्विक थोक बिक्री चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 64 प्रतिशत गिर गयी। इसमें जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) की बिक्री भी शामिल है।
कंपनी ने शेयर बाजार को शुक्रवार को जानकारी दी कि टाटा मोटर्स के वाणिज्यिक वाहनों और टाटा देवू श्रृंखला के वाहनों की कुल वैश्विक बिक्री अप्रैल-जून तिमाही में सालाना आधार पर 89 प्रतिशत गिरकर 11,598 इकाई रही। इसी तरह कंपनी के सभी यात्री वाहनों की वैश्विक थोक बिक्री समीक्षावधि में सालाना आधार पर 49 प्रतिशत गिरकर 79,996 वाहन रही।
जबकि जेएलआर की वैश्विक बिक्री इस दौरान 65,425 इकाई रही। इस प्रकार पूरे समूह की कुल वैश्विक बिक्री सालाना आधार पर 64 प्रतिशत गिर गयी। हालांकि, कंपनी ने पिछले साल इस अवधि के दौरान वाहनों के तुलनात्मक बिक्री आंकड़े जारी नहीं किए हैं।
कोरोना काल में ऑटो कंपनियों की बिक्री प्रभावित हुई है। यही वजह है कि Tata Motors ने एक नया फाइनैंसिंग ऑफर पेश किया है। इसके तहत बिना डाउन पेमेंट के आप टाटा की नई कार खरीद सकते हैं।
टाटा मोटर्स ने यह नया फाइनैंसिंग ऑफर करूर वैश्य बैंक की पार्टनरशिप में लॉन्च किया है। टाटा मोटर्स के नए ऑफर के तहत आप कंपनी की टियागो, नेक्सॉन और अल्ट्रॉज कारों को बिना डाउनमेंट दिए खरीद सकते हैं।
कार खरीदने के बाद शुरुआती 6 महीने के लिए ईएमआई नहीं देने की भी सुविधा कंपनी दे रही है। साथ ही 100 पर्सेंट तक ऑन-रोड फंडिंग की सुविधा दी जा रही है, जिसके तहत लोन 5 साल के लिए मिलेगा। यह ऑफर सैलरीड (नौकरी करने वाले) और सेल्फ एम्प्लॉयी (खुद का कारोबार करने वाले), दोनों तरह के ग्राहकों के लिए है।

