रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी मॉडल इकोनॉमिक टाउनशिप लिमिटेड (METL) ने रविवार को कहा कि जापान की कंपनी सुजुकी (Tsuzuki) हरियाणा के झज्जर में स्थित उसके परिसर में एक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने वाली है. METL ने एक बयान में कहा कि इस संबंध में जापान की कंपनी के साथ एक समझौता किया गया है. सुजुकी उक्त संयंत्र में वाहन उद्योग के लिए स्टीयरिंग के नकल्ज़ (पोर) की मैन्युफैक्चरिंग करेगी.
सुजुकी के प्रबंध निदेशक (एमडी) ईइची ओया ने कहा कि कंपनी 2021 तक झज्जर में नए प्लांट में मैन्युफैक्चरिंग शुरू कर देगी. यह प्लांट घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों की मांग को पूरा करेगा. MET झज्जर में निवेश करने वाली सुजुकी जापान की तीसरी कंपनी होगी. इससे पहले जापान की दो अन्य कंपनियां पैनासोनिक और डेंसो इसमें निवेश कर चुकी हैं.
METL के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एवं पूर्णकालिक निदेशक श्रीवल्लभ गोयल ने कहा कि सुजुकी इंडिया के निवेश से भारत और जापान के बीच व्यापार संबंधों में सुधार होगा. MET के विकास से न केवल क्षेत्र में आर्थिक विकास होगा, बल्कि स्थानीय निवासियों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे. गोयल ने कहा कि पैनासोनिक, डेंसो, रिलायंस रिटेल, ऑलकार्गो, बाटी इंडिया, इंडो स्पेस, तिरुपति और अंबर सहित दस कंपनियों ने पहले ही झज्जर में परिचालन शुरू कर दिया है. कुछ और कंपनियों के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं. इनके अलावा, 170 से अधिक कंपनियों ने अपनी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स स्थापित करने के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं.

