हफ्ते के आखिरी कारोबारी सत्र में घरेलू शेयर बाजार सपाट कारोबार के साथ बंद हुआ। शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का इंडेक्स सेंसेक्स 15.44 अंक गिरकर 73142.80 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का इंडेक्स निफ्टी भी 4.75 अंक की मामूली गिरावट के साथ 22212.70 के स्तर पर बंद हुआ।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप शुक्रवार को बढ़कर 392.98 लाख करोड़ रुपये हो गया। 22 फरवरी को यह आंकड़ा 392.17 लाख करोड़ रुपये था. बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप यानी निवेशकों का पैसा आज करीब 81000 करोड़ रुपये बढ़ गया.
आईटी , बैंक, धातु और तेल एवं गैस शेयरों में आज भारी बिकवाली देखी गई। सुबह शुरुआती कारोबार में वैश्विक इक्विटी रैली के बीच आईटी और बैंक शेयरों में बढ़त से निफ्टी 50 को बढ़ावा मिला था लेकिन मुनाफावसूली के बीच यह सपाट बंद हुआ। शुक्रवार को कारोबार में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में खरीदारी देखने को मिली. पीएसई और एफएमसीजी शेयर भी गिरावट पर बंद हुए।
विनिर्माण और सेवाओं में प्रगति के समर्थन से पूंजीगत सामान और औद्योगिक क्षेत्रों ने कारोबारी सत्र में मजबूती दिखाई। एनवीडिया की प्रभावशाली कमाई के बाद शुक्रवार को विश्व बाजार मुख्य रूप से उच्च स्तर पर खुले, जिसने अन्य तकनीकी कंपनियों को ऊपर उठाया और वॉल स्ट्रीट को एक और रिकॉर्ड ऊंचाई पर भेज दिया।

