टाटा मोटर्स ने बुधवार को कहा कि उसने टाटा Nexon से कुछ चुनिंदा वेरिएंट्स को बंद करने का फैसला किया है. कंपनी के मुताबिक, ऐसा ग्राहकों को बेहतर विकल्प उपलब्ध कराने के लिए किया गया है. हालांकि, ऑटो कंपनी ने यह जिक्र किया कि कुछ वेरिएंट्स को आगे जारी नहीं रखते हुए, उसने कॉम्पैक्ट SUV के दूसरे वर्जन्स में अपडेट्स को भी पेश किया है, जो पेट्रोल और डीजल दोनों ऑप्शन में उपलब्ध है.
टाटा मोटर्स ने एक बयान में कहा है कि Tata Nexon भारत में सबसे लोकप्रिय कॉम्पैक्ट SUVs में से एक है और उसका डीजल वेरिएंट बढ़ती डिमांड और विश्वसनीय फॉलोइंग के साथ बहुत लोकप्रिय है. कंपनी ने बताया कि अपने ग्राहकों के लिए विकल्पों को सरल बनाते हुए, कंपनी ने चुनिंदा वेरिएंट्स को आगे जारी नहीं रखने और अन्य में अपडेट्स को पेश करने का फैसला किया है.
कंपनी ने यह साफ किया है कि वह मॉडल के डीजल वेरिएंट्स को पूरी तरह बंद नहीं कर रही है. उसने कहा कि Nexon अब 20 वेरिएंट्स में उपलब्ध होगी, जिसमें ग्राहकों को अलग-अलग कीमतों पर बेहतरीन प्रोडक्ट्स मिलेंगे. इसमें आगे कहा गया है कि Nexon की रेंज में पेट्रोल के 12 वेरिएंट और डीजल के आठ वेरिएंट ऑटोमैटिक और मैनुअल ट्रांसमिशन ऑप्शंस के साथ शामिल होंगे.

