अगस्त सीरीज की कमजोर शुरूआत हुई है. मिले जुले ग्लोबल संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी देखने को मिली. नतीजे पेश करने के बाद आज आरआईएल के शेयरों में 2 फीसदी कमजोरी देखने को मिली है. बैंक और फाइनेंशियल शेयरों में भी बिकवाली देखने को मिली. हालांकि फार्मा शेयरों में तेजी से बाजार को सपोर्ट मिला और गिरावट थमी है. फिलहाल कारोबार के अंत में सेंसेक्स में करीब 129 अंकों की कमजोरी है और यह 37607 के स्तर पर बंद हुआ है. वहीं, निफ्टी में 29 अंकों की कमजोरी है और यह 11073 के स्तर पर बंद हुआ है. इसके पहले एक्सपायरी वाले दिन बाजार में गिरावट रही थी. ग्लोबल संकेतों की बात करें तो गुरूवार को अमेरिकी बाजारों में तेजी रही थी. वहीं आज एशियाई बाजारों में गिरावट देखने को मिली है.
आज के कारोबार में सेंसेक्स 30 के 22 शेयरों में तेजी दिखी है. आज सनफार्मा में 5 फीसदी और नतीजों के बाद एसबीआई में 2 फीसदी से ज्यादा तेजी रही है. महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक, HCL टेक और बजाज फाइनेंस भी टॉप गेनर्स रहे हैं. वहीं, आज आरआईएल में 2 फीसदी की गिरावट रही है. HDFC बैंक, कोटक बैंक, बजाज आटो, एशियन पेंट और HDFC भी टॉप लूजर्स रहे. निफ्टी के प्रमुख 11 इंडेक्स में 6 हरे निशान में बंद हुए हैं. फाइनेंशियल इंडेक्स में 0.61 फीसदी गिरावट है, जबकि फार्मा में 3 फीसदी से ज्यादा तेजी है. रियल्टी इंडेक्स में 1 फीसदी तेजी है. आटो व बैंक इंडेक्स कमजोर हुए हैं. आईटी इंडेक्स, एफएमसीजी इंडेक्स में हल्की तेजी रही है.

