मुंबई: बेहतर ग्लोबल संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार में 16 मार्च को उतार चढ़ाव देखने को मिला. बाजार की शुरूआत मजबूती के साथ हुई, लेकिन कारोबार के अंत में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए. सेंसेक्स में उपरी स्तरों से 494 अंकों की कमजोरी आई. इंट्राडे कारोबार में सेंसेक्स 50858 के स्तर तक मजबूत हुआ था. हालांकि कारोबार के अंत में कल के बंद भाव से 31 अंक कमजोर होकर 50364 के स्तर पर बंद हुआ.
वहीं निफ्टी भी 19 अंकों की गिरावट के साथ 14910 के स्तर पर बंद हुआ. आज के कारोबार में बैंक और फाइनेंशियल सेक्टर में बिकवाली देखने को मिली. जबकि आईटी और एफएमसीजी सेक्टर में खरीददारी रही है. इसके पहले सोमवार को बाजार गिरावट पर बंद हुए थे. आज कारोबार में एशियन पेंट्स और डॉ रेड्डीज टॉप गेनर्स दिख रहे हैं. जबकि ICICI बैंक और एलएंडटी टॉप लूजर्स रहे हैं. ग्लोबल संकेतों की बात करें तो सोमवार को अमेरिका में डाउ जोंस और S&P 500 की रिकॉर्ड क्लोजिंग हुई है. वहीं आज एशियाई बाजारों में भी खरीददारी देखने को मिली है.
आज के कारोबार में सेंसेक्स 30 के 14 शेयरों में तेजी देखने को मिली है, 16 लाल निशान में बंद हुए. टॉप गेनर्स में एशियन नेंट्स, डॉ रेड्डीज, एचसीएल टेक, एचयूएल, टीसीएस, एयरटेल, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईटीसी और ओएनजीसी शामिल हैं. वहीं टॉप लूजर्स में एलएंडटी, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, एचढीएफसी बैंक, एचडीएफसी और कोटक बैंक शामिल हैं.

