मुंबई: घरेलू शेयर बाजार में लगातार दो दिनों तक गिरावट रहने के बाद गुरुवार को एक बार फिर वृद्धि दर्ज की गयी। कारोबार के दौरान बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स करीब 222 अंकों की वृद्धि लेकर 51531.52 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी करीब 67 अंक चढ़कर 15173.30 अंक पर रहा।
सत्र के दाैरान बीएसई का सेंसेक्स 51592.45 अंक के उच्चतम स्तर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 15188.50 अंक तक पहुंचने में सफल रहा। सत्र के अंत में सेंसेक्स 222.13 अंक उछलकर 51,531.52 अंक पर और एनएसई का निफ्टी 66.80 अंक बढ़कर 15,173.30 अंक पर रहा।
इस दौरान दिग्गज कंपनियों समेत छोटी और मझौली कंपनियों में हुई लिवाली के कारण बीएसई का मिडकैप 0.45 प्रतिशत बढ़कर 19898.48 अंक पर और स्मॉलकैप 1.06 प्रतिशत बढ़कर 19626.01 अंक पर बंद हुआ। बीएसई में कुल 3126 कंपनियों में कारोबार हुआ जिनमें 1682 कंपनियां हरे निशान में रहीं जबकि 1314 कंपनियां लाल निशान पर बंद हुईं वहीं 130 कंपनियों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

