मुंबई: एशिया के अन्य शेयर बाजारों में गिरावट के बीच वित्त और बैंक शेयरों में बिकवाली से बीएसई सेंसेक्स और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए।
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 143.36 अंक यानी 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 36,594.33 अंक पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 45.40 अंक यानी 0.42 प्रतिशत गिरकर 10,768.05 अंक पर बंद हुआ।
कारोबारियों के अनुसार एशिया के अन्य बाजारों में गिरावट का असर घरेलू बाजार पर भी पड़ा। कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते मामले और उसका आर्थिक पुनरूद्धार पर पड़ने वाले प्रभाव का असर निवेशकों की धारणा पर पड़ा।
सेंसेक्स के शेयरों में एक्सिस बैंक को सर्वाधिक 3.14 प्रतिशत का नुकसान हुआ। इसके अलावा इंडसइंड बैंक, टाइटन, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई बैंक, ओएनजीसी और एचडीएफसी बैंक में गिरावट दर्ज की गयी। दूसरी तरफ रिलायंस इंडस्ट्रीज, सन फार्मा, एचयूएल, भारती एयरटेल और टीसीएस के शेयर लाभ में रहे। इनमें 2.95 प्रतिशत तक की तेजी आयी। आईटी कंपनी टीसीएस का शेयर 0.79 प्रतिशत मजबूत हुआ। जून तिमाही में कंपनी का लाभ 13.8 प्रतिशत घटकर 7,008 करोड़ रुपये रहा कोरोना वायरस संकट से कंपनी की आय पर असर पड़ा है।

