कमजोर ग्लोबल संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार में बिकवाली देखने को मिली. कारोबार में उतार चढ़ाव के बीच सेंसेक्स और निफ्टी दोनों कमजोर होकर बंद हुए. हालांकि आटो शेयरों ने गिरावट थामने की कोशिश की लेकिन फार्मा शेयरों में बिकवाली से दबाव बढ़ा. आज के कारोबार में बैंक और फाइनेंशियल शेयरों में मिक्स्ड ट्रेंड रहा है. सेंसेक्स में करीब 37 अंकों की गिरावट रही है और यह 38,369.63 के स्तर पर बंद हुआ. वहीं निफ्टी भी 14 अंक कमजोर होकर 11300 के करीब 11,308.55 के स्तर पर बंद हुआ. मेटल और फार्मा सेक्टर पर दबाव ज्यादा दिखा है. बता दें कि मंगलवार को कोविड 19 वैक्सीन को रूस में मंजूरी मिलने से बाजार सेंटीमेंट बेहतर दिख रहे थे और सेंसेक्स व निफ्टी मजबूत होकर बंद हुए. ग्लोबल संकेतों की बात करें तो मंगलवार को यूएस मार्केट में कमजोरी रही. आज एशियाई बाजारों में भी बिकवाली देखने को मिली.
आज के कारोबार में सेंसेक्स 30 के 23 शेयर हरे निशान में बंद हुए हैं. टॉप गेनर्स में एचसीएल टेक, SBI, टेक महिंद्रा, मारुति, पावरग्रिड और एनटीपीसी शामिल हैं. वहीं टॉप लूजर्स में एचयूएल, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, सनफार्मा और कोटक बैंक शामिल हैं. निफ्टी पर प्रमुख 11 इंडेक्स में 6 इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए हैं. फार्मा इंडेक्स में करीब 1.5 फीसदी गिरावट रही. मेटल इंडेक्स में आधे फीसदी से ज्यादा गिरावट है. वहीं आटो इंडेक्स में करीब 2 फीसदी तेजी रही. पीएसयू बैंक इंडेक्स में भी 2.5 फीसदी तेजी रही है.

