नई दिल्ली: देश के सबसे बड़े वाणिज्यिक बैंक एसबीआई ने कोरोना वायरस के प्रकोप से लड़ने के लिए अपने मुनाफे की 0.25 फीसदी राशि देने की घोषणा की है। एसबीआई के अध्यक्ष रजनीश कुमार ने मंगलवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी। बैंक की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि साल 2019-20 की कुल कमाई का 0.25 पर्सेंट वह कोरोना के खिलाफ लड़ाई में खर्च करेगा।
चालू वित्त वर्ष (2019-20) की पहली तिमाही में बैंक का नेट प्रॉफिट 2312 करोड़, दूसरी तिमाही में नेट प्रॉफिट 3011 करोड़ और तीसरी तिमाही में 5583 करोड़ रहा था। अब तक एसबीआई के तीनों तिमाही का नेट प्रॉफिट का अगर 0.25 पर्सेंट निकालते हैं तो यह रकम 28 करोड़ होता है। चौथी तिमाही जारी है। ऐसे में मदद की राशि कम से कम 28 करोड़ तो जरूर होगी।
उन्होंने बताया कि कोविड-19 महामारी से लड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाली राशि सीएसआर फंड से आएगी। बैंक मुख्य रूप से स्वास्थ्य देखभाल में लगे लोगों के सहयोग से वंचितों की स्वास्थ्य सुविधा और उनके इलाज पर यह राशि खर्च करेगा।

