नई दिल्ली। आजकल हर व्यक्ति ज्यादा मुनाफा चाहता है और इसके लिए वह कई प्रकार की स्कीम में निवेश करना चाहता है। पैसों का मैनेजमेंट जिसे बा जाए समझो उसकी जेब हमेशा भरी रहेगी। सेविंग एकाउंट में पड़े पैसे बेहतर रिटर्न देने में सक्षम नहीं होते खासकर आज के समय में जब रिटर्न के दर्जनों माध्यम मौजूद हैं। इसी में से एक है लिक्विड फंड जो सेविंग एकाउंट के मुकाबले ज्यादा रिटर्न देने के लिए जाना जाता है।
आपको जानकर आश्चर्य होगा कि सेविंग्स के नाम पर आज भी देश में अक्सर लोग अपना पैसा बैंकों के बचत खाते में रखते हैं। अब सवाल यह है कि क्या सेविंग्स के लिए सेविंग्स अकाउंट ही बेहतर विकल्प है? दरअसल सभी चीजें अपनी जगह ठीक हैं लेकिन निवेश के कई ऐसे विकल्प हैं जिनमें छोटी रकम निवेश कर भी एक निश्चित अवधि में अच्छा रिटर्न हासिल किया जा सकता है। तो आज हम जानते हैं कि आखिर लिक्विड फंड का ऐसा कौन सा फंडा है जो आपको ज्यादा फायदा देगा-
What is Liquid Fun?
लिक्विड फंड डेट म्यूचुअल फंड हैं, जो गवर्नमेंट सिक्युरिटीज, सर्टिफिकेट ऑफ डिपॉजिट, ट्रेजरी बिल्स, कमर्शियल पेपर्स और दूसरे डेट इंस्टू्मेंट्स में निवेश करते हैं। ये ऐसे फंड होते हैं, जिनमें 91 दिन तक मेच्योरिटी पीरियड यानी छोटी अवधि के लिए भी निवेश किया जा सकता है। इनमें जोखिम भी कम होता है। लिक्विड फंड का दूसरा नाम है कैश फंड और इसका मकसद है, ज्यादा लिक्विडिटी व कम जोखिम के साथ स्थिर रिटर्न।
लिक्विड फंड निवेश करने की एक विधि है जहां पर आपको सेविंग एकाउंट से अधिक रिटर्न हासिल होता है। यदि आपके पास एकमुश्त रकम है तो इसे बैंक के बचत खाते में रखने की बजाए लिक्विड फंड में निवेश किया सकता है। अच्छी बात यह है कि इसे बहुत से लोग सेविग्ंस अकाउंट के विकल्प के रूप में भी देखते हैं। सेविंग्स अकाउंट की ही तरह लिक्विड फंड से भी इमरजेंसी में कभी भी पैसा निकाला जा सकता है।
जानें कितना होगा फायदा लिक्विड फंड में निवेश करने पर
उदाहरण से समझें, मान लीजिए आपने बचत खाते में 1 लाख रुपये एक साल के लिए रखा तो इस पर आपको सालाना 3.5 फीसदी का ब्याज मिलेगा। वहीं, लिक्विड फंड की बात करें तो पिछले 1 साल में इस सेग्मेंट का रिटर्न 6.76 फीसदी और अलग अलग फंडों का रिटर्न 7.43 फीसदी रहा है।
ऐसे में बचत खाते में 1 लाख रुपया 1 साल बाद 103,500 रुपया हो जाएगा. यानी 3500 रुपये का फायदा। वहीं, अगर 7.43 फीसदी रिटर्न के लिहाज से देखें तो लिक्विड फंड में 1 लाख रुपया 1 साल बाद 107,430 रुपया हो जाएगा. यानी 7430 रुपये का फायदा।
(नोट: लिक्विड फंड में निवेश की मैच्योरिटी 60 से 91 दिन की होती है. हालांकि, इसमें निवेश आगे भी बढ़ाया जा सकता है.)
तो सवाल है कि कहा निवेश करना उचित है?
रिटर्न के गणित को देखने पर ऐसा लगता है कि बैंकों के बचत खाते में पैसा नहीं रखना चाहिए. लेकिन, ऐसा बिलकुल नहीं है। आमतौर पर यदि आप ट्रेडिशनल निवेशक हैं और बाजार के जोखिम में बिलकुल नहीं पड़ना चाहते हैं, साथ ही बतौर इमरजेंसी फंड कैश रखना है तो बचत खाता सबसे बेहतर विकल्प है। बचत खाते से आप कभी पैसा निकाल सकते हैं।
दूसरी ओर, लिक्विड फंड में रिटर्न बचत खाते से जरूर अधिक है लेकिन यह निवेश बाजार के जोखिमों के अधीन है. यानी शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव का असर आपके निवेश के रिटर्न पर पड़ सकता है. जबकि, बचत खाते पर आपको निश्चित रिटर्न साल के अंत में मिलेगा। जहां तक इमरजेंसी फंड के रूप में कैश रखने की है तो लिक्विड फंड से भी जरूरत पर पैसा निकाल सकते हैं लेकिन इसके लिए कम से कम 24 घंटे तक आपको इंतजार करना पड़ेगा।

