भारत के स्मार्टफोन सेगमेंट में लॉकडाउन के बाद रिकवरी हुई है. सितंबर तिमाही में वापसी के साथ यह 53 मिलियन यूनिट्स की सर्वकालिक ऊंचाई पर पहुंच गया है. इसमें सैमसंग (Samsung) ने शाओमी (Xiaomi) को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल कर लिया है. यह जानकारी रिसर्च फर्म काउंटरप्वॉइंट की रिपोर्ट से मिली है. भारत का स्मार्टफोन शिपमेंट सालाना आधार पर 9 फीसदी बढ़कर जुलाई-सितंबर 2020 तिमाही में 53 मिलियन यूनिट्स के ऊपर पहुंच गया. काउंटरप्वॉइंट ने कहा कि यह भारतीय स्मार्टफोन बाजार के लिए एक तिमाही में अब तक का सबसे ज्यादा शिपमेंट रहा है.
इसमें कहा गया है कि ब्रांड्स की तरफ से कोशिश और लॉकडाउन की वजह से रूकी हुई मांग और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर मजबूत बिक्री से यह ग्रोथ हुई है. रिपोर्ट के मुताबिक ग्राहक अभी भी कोविड-19 के डर की वजह से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स को प्राथमिकता दे रहे हैं. सैमसंग 24 फीसदी हिस्सेदारी के साथ स्मार्टफोन बाजार में सबसे आगे रहा. इसके बाद शाओमी (23 फीसदी), वीवो (16 फीसदी), रियलमी (15 फीसदी) और ओप्पो (10 फीसदी) के साथ आते हैं.
काउंटरप्वॉइंट ने कहा कि सैमसंग भारतीय स्मार्टफोन बाजार में दो साल बाद सबसे बड़ा ब्रांड बना है. इसकी ग्रोथ सालाना आधार पर 32 फीसदी रही है. और इस मजबूत प्रदर्शन की वजह कई रणनीतियों का नतीजा है जिसमें प्रभावी सप्लाई चैन और नए लॉन्च के जरिए कई कीमतों की श्रेणियों को छूना है. सैमसंग का ऑनलाइन चैनल पर जोर, अपने पोर्टफोलियो में अब तक का सबसे ज्यादा ऑनलाइन योगदान ने उसे पहले पायदान पर दोबारा पहुंचने में मदद की है.

