नई दिल्ली: वेतन, पेन्शन, ब्याज और डिविडेंड का भुगतान हों या नेशनल ऑटोमेटेड क्लियरिंग हाउस (NACH) के जरिए बड़े पैमाने पर किया जाने वाला कोई और पेमेंट, यह सारे काम जल्द ही हफ्ते के सातों दिन होने लगेंगे. भारतीय रिजर्व बैंक ने बताया है कि NACH के जरिए हफ्ते के सातों दिन भुगतान की सुविधा 1 अगस्त से शुरू होने जा रही है. आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने यह एलान द्विमासिक मॉनिटरी पॉलिसी रिव्यू की जानकारी देते हुए किया.
NACH एक बल्क पेमेंट सिस्टम यानी थोक में भुगतान करने का सिस्टम है, जिसे NPCI यानी नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा संचालित किया जाता है. NACH के जरिए वेतन, पेन्शन, इंटरेस्ट और डिविडेंड के पेमेंट के साथ ही साथ बिजली, पानी, गैस, टेलिफोन से लेकर लोन की EMI तक का भुगतान किया जा सकता है. म्यूचुअल फंड्स में निवेश करने और इंश्योरेंस का प्रीमियम भरने जैसे काम भी इसके जरिए किए जाते हैं.
अभी NACH के जरिए भुगतान की सुविधा सिर्फ बैंकों के कामकाजी दिनों पर ही उपलब्ध होती है. रिजर्व बैंक ने NACH को हफ्ते के सातों दिन मुहैया कराने का फैसला ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया है. इससे RTGS यानी रीयल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट की सुविधा भी चौबीस घंटे-सातों दिन उपलब्ध कराई जा सकेगी. आरबीआई के मुताबिक एक से अधिक संख्या में लोगों को डायरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए पैसे भेजने के मामले में NACH एक पसंदीदा और महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरा है. इसके अलावा यह कोरोना महामारी के समय में सरकारी सब्सिडी को समय पर और पारदर्शी तरीके से ट्रांसफर करने में भी मददगार साबित हुआ है.

