नई दिल्ली: मध्यम आकार के मोटरसाइकिल सेगमेंट (250-750cc) में अग्रणी रॉयल एनफील्ड Royal Enfield ने आज घोषणा की कि उसने पूरे भारत में अपने 90% से अधिक रिटेल नेटवर्क (Retail Network) को फिर से खोल दिया है। कंपनी ने सरकार के निर्देश पर लॉकडाउन के दौरान बीते 22 मार्च से 5 मई तक अपने नेटवर्क को बंद रखा था।
रॉयल इनफील्ड से मिली जानकारी के अनुसार कंपनी ने बीते 6 मई से, धीरे-धीरे चरणबद्ध तरीके से अपने मैन्यूफैक्चरिंग को फिर से शुरू कर दिया। उसके बाद रिटेल नेटवर्क को खोलना चालू किया। अभी तक इसके देश भर में 850 से अधिक स्टोर और 425 स्टूडियो स्टोर बिक्री और सेवा के लिए चालू हैं। जबकि इनमें से अधिकांश स्टोर पूरी तरह से चालू हैं, कुछ शहरों में स्टोर स्थानीय प्राधिकरण के दिशानिर्देशों के अनुसार आंशिक या वैकल्पिक दिनों में काम कर रहे हैं।
कंपनी का कहना है कि ग्राहकों की संतुष्टि को बढ़ाने और ग्राहकों को अधिकतम सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के प्रयास में, रॉयल एनफील्ड ने कांटेक्टलेस परचेज एंड सर्विस (Contactless purchase and service experience) की पहल की है। इसके साथ ही कई डिजिटल और ऑनलाइन प्रयासों से ‘एट योर डोरस्टेप’ सेवाओं की शुरुआत की गई। कंपनी का कहना है कि उसका उद्देश्य ग्राहकों को एक सहज और परेशानी मुक्त खरीद और स्वामित्व यात्रा प्रदान करना है।

