शेयर बाजार में पिछले हफ्ते सबसे ज्यादा नुकसान रिलायंस के निवेशकों को हुआ। रिलायंस के मार्केट कैप में गिरावट से निवेशकों को 74,969 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। पिछले हफ्ते कली गिरावट में देश की 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से चार के संयुक्त बाजार पूंजीकरण में 1,25,397.45 करोड़ रुपये की गिरावट आई।
रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार मूल्यांकन 74,969.35 करोड़ रुपये घटकर 16,85,998.34 करोड़ रुपये रह गया। भारतीय जीवन बीमा निगम का मूल्यांकन 21,251.99 करोड़ रुपये घटकर 5,19,472.06 करोड़ रुपये रह गया। भारतीय स्टेट बैंक का मूल्यांकन 17,626.13 करोड़ रुपये घटकर 6,64,304.09 करोड़ रुपये और आईसीआईसीआई बैंक का मूल्यांकन 11,549.98 करोड़ रुपये घटकर 8,53,945.19 करोड़ रुपये रह गया। वहीं इंफोसिस का बाजार पूंजीकरण 24,934.38 करोड़ रुपये बढ़कर 7,78,612.76 करोड़ रुपये हो गया। एचडीएफसी बैंक में 9,828.08 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई, जिससे उसका मूल्यांकन 12,61,627.89 करोड़ रुपये हो गया।
भारती एयरटेल का बाजार मूल्यांकन 9,398.89 करोड़ रुपये बढ़कर 9,36,413.86 करोड़ रुपये और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज का मूल्यांकन 9,262.3 करोड़ रुपये बढ़कर 15,01,976.67 करोड़ रुपये हो गया। इसके अलावा हिंदुस्तान यूनिलीवर और आईटीसी के बाजार पूंजीकरण में भी इजाफा हुआ।
बाजार पूंजीकरण के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी रही। इसके बाद टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस, भारतीय स्टेट बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी और एलआईसी का स्थान रहा।

