एचडीएफसी बैंक ने एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज के आईपीओ को मंजूरी दे दी है। इस आईपीओ के तहत कंपनी 2500 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर जारी करेगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस इश्यू का वैल्यूएशन 7-8 अरब डॉलर तक पहुंचने की संभावना है और दिसंबर तक इसकी लिस्टिंग हो सकती है।
एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज एक प्रमुख एनबीएफसी कंपनी है, जो मुख्य रूप से रिटेल और सेक्टर में सुरक्षित और असुरक्षित ऋण के विभिन्न उत्पाद प्रदान करती है। आईपीओ के लिए भारतीय रिजर्व बैंक की मंजूरी जरूरी है। एचडीएफसी बैंक के पास एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज की 94.64 फीसदी हिस्सेदारी है। आईपीओ के लिए फिलहाल बैंकरों का चयन किया जा रहा है। इस प्रक्रिया में मॉर्गन स्टेनली, बैंक ऑफ अमेरिका और नोमुरा जैसे विदेशी संस्थानों के साथ-साथ आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, एक्सिस कैपिटल और आईआईएफएल जैसी घरेलू कंपनियां भी शामिल थीं।
हाल ही में बजाज हाउसिंग फाइनेंस के आईपीओ को शानदार रिस्पॉन्स मिला था, जो 67 गुना सब्सक्राइब हुआ था। लिस्टिंग के दिन ही यह आईपीओ निवेशकों के लिए फायदेमंद साबित हुआ, क्योंकि इसके शेयर इश्यू प्राइस से 135 फीसदी की बढ़त के साथ लिस्ट हुए। इस सफलता के बाद निवेशकों को एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज के आईपीओ से काफी उम्मीदें हैं।

