शेयर बाजार ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। सेंसेक्स पहली बार 85 हजार अंक के पार हो गया तो वहीं निफ्टी 26 हजार अंक तक पहुंचने के लिए संघर्ष कर रहा है। करीब 3 कारोबारी दिनों में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में 2 फीसदी से ज्यादा की बढ़त देखने को मिली है। जानकारों की मानें तो आने वाले दिनों में सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी जारी रह सकती है।
सुबह शेयर बाजार दबाव में खुला लेकिन थोड़ी देर बाद बाजार में तेजी आने लगी और दोनों एक्सचेंज नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए। कारोबारी सत्र के दौरान सेंसेक्स 100 अंकों से ज्यादा की तेजी के साथ 85,052.42 अंकों के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। दूसरी ओर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक निफ्टी भी नया रिकॉर्ड बनाता हुआ दिखाई दिया, कारोबारी सत्र के दौरान निफ्टी 25,978.90 अंकों के लाइफटाइम हाई पर पहुंच गया।
निफ़्टी पर बढ़त वाले शेयरोंमें टाटा स्टील के शेयर में सबसे ज्यादा 3.50 फीसदी की बढ़त देखने को मिल रही है। वहीं, हिंडाल्को का शेयर करीब 3 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। जेएसडब्ल्यू स्टील के शेयर में 2 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिल रही है। पावरग्रिड का शेयर 1.66 फीसदी की तेजी और एचडीएफसी बैंक का शेयर 0.79 फीसदी की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। बीएसई पर महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल सन फार्मा आदि के शेयरों में भी तेजी देखने को मिल रही है।
वहीँ निफ़्टी पर गिरने वाले शेयरों में एलटीआईएम, एचडीएफसी लाइफ बजाज फाइनेंस और एसबीआई लाइफ के शेयरों में एक फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिल रही है।

