पीएम आवास योजना के तहत पीएम नरेंद्र मोदी ने 2691 करोड़ रुपए जारी कर दिए हैं. यह लोगों के बैंक अकाउंट में भेज दिए गए हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों में 6 लाख से अधिक घरों का निर्माण किया जाएगा. ये धनराशि उत्तर प्रदेश के लिए जारी की गई है. पीएम मोदी ने कहा कि अपना घर होने से लोगों में विश्वास बढ़ता है. आत्मनिर्भरता का सीधा सम्बन्ध आत्मविश्वास से है. बता दें कि पीएम आवास योजना ग्रामीण के तहत कम आय वर्ग वालों को घर बनाने के लिए सब्सिडी पर लोन दिया जाता है.
पीएम मोदी ने कहा कि आज एक साथ यूपी के 6 लाख से ज्यादा परिवारों को सीधे उनके बैंक खाते में करीब.करीब 2,700 करोड़ रुपये ट्रांसफर की गई है. इनमें से 5 लाख से ज्यादा परिवार ऐसे हैं जिन्हें घर बनाने के लिए उनकी पहली किस्त मिली है. आज 80 हजार परिवार ऐसे भी हैं जिन्हें उनके मकान की दूसरी किस्त मिल रही है. अब आपके परिवार के लिए अगली सर्दी इतनी कठिन नहीं होगी. अगली सर्दी में आपका अपना घर भी होगा और घर में सुविधाएं भी होंगी.
पीएम मोदी ने कहा कि देश ने आजादी के 75 वर्ष पूरे होने तक हर गरीब परिवार को पक्का घर देने का लक्ष्य तय किया था. बीते वर्षों में लगभग दो करोड़ घर सिर्फ ग्रामीण इलाकों में बनाए गए हैं. अकेले प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भी करीब सवा करोड़ घरों की चाबी लोगों को दी जा चुकी है. इस पूरे अभियान की सबसे खास बात यह है कि जितने भी घर बन रहे हैं. सबके लिए पैसा सीधे गरीबों के बैंक खातों में दिया जा रहा है. यूपी में करीब 22 लाख ग्रामीण आवास बनाए जाने हैं. इनमें से 21.5 लाख घरों को बनाए जाने की स्वीकृति भी दी जा चुकी है.

