नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शाम बैंकों और गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनियों के प्रमुखों के साथ अहम बैठक की। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक बैठक में भविष्य के विजन और रोडमैप पर चर्चा हुई। देश के विकास में फाइनेंशियल और बैंकिंग सिस्टम की अहम भूमिका पर चर्चा हुई। PMO के मुताबिक बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि छोटे उद्मियों, एसएचजी और किसानों को अपनी क्रेडिट जरूरतों को पूरा करने और ग्रोथ के लिए इंस्टीट्यूशनल क्रेडिट का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। हर बैंक को आत्मंथन करना चाहिए और स्थाई क्रेडिट ग्रोथ सुनिश्चित करने के लिए अपनी व्यवस्थाओं की समीक्षा करनी चाहिए।
बैंकों को सभी प्रस्तावों को एक ही कसौटी से नहीं परखना चाहिए। उन्हें इन्हें अलग-अलग नजरिये से देखना चाहिए और बैंकेबल प्रपोजल्स की पहचान करनी चाहिए। उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उन्हें अपनी मेरिट के हिसाब से फंडिंग जुटानी चाहिए और उन्हें पूर्व के एनपीए के नाम पर मुश्किल नहीं होनी चाहिए।
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि सरकार पूरी मजबूती के साथ बैंकिंग सिस्टम के साथ खड़ी है। सरकार इसे सपोर्ट करने और इसके ग्रोथ को प्रमोट करने के लिए कोई भी कदम उठाने को तैयार है।

