पेंशन फंड नियामक PFRDA युवाओं के बीच नई पेंशन प्रणाली (NPS) को आकर्षक बनाने के लिए ‘न्यू बैलेंस्ड लाइफ साइकिल फंड’ लाने की तैयारी कर रहा है। इससे निवेशक को रिटायरमेंट तक अच्छा फंड बनाने में मदद मिलेगी। PFRDA की इस प्रस्तावित योजना के तहत लंबे समय के लिए इक्विटी फंड में ज्यादा निवेश राशि आवंटित की जा सकेगी। इस योजना के तहत सब्सक्राइबर के 45 साल का होने पर इक्विटी निवेश धीरे-धीरे कम होता जाएगा। फिलहाल यह कमी 35 साल से शुरू होती है। इस तरह एनपीएस से जुड़ने वाले सब्सक्राइबर को 45 साल की उम्र तक इक्विटी फंड में ज्यादा निवेश राशि आवंटित करने की सुविधा मिलेगी। इससे उन्हें रिटायरमेंट तक अच्छा फंड बनाने में मदद मिलेगी।
पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण के चेयरमैन दीपक मोहंती के मुताबिक हम लंबी अवधि के लिए इक्विटी शेयर फंड में निवेश आवंटित करने के लिए दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में ‘न्यू बैलेंस्ड लाइफ साइकिल फंड’ लाएंगे। इससे लंबे समय के लिए इक्विटी फंड में अधिक आवंटन हो सकेगा।” उन्होंने अटल पेंशन योजना से जुड़े एक कार्यक्रम में कहा कि एनपीएस की इस नई योजना के तहत 45 साल की उम्र से इक्विटी निवेश धीरे-धीरे कम होता जाएगा, जबकि वर्तमान में यह कमी 35 साल से शुरू होती है। ऐसा होने पर एनपीएस चुनने वाले लोग लंबे समय के लिए इक्विटी फंड में अधिक राशि निवेश कर सकेंगे। इससे लंबी अवधि में पेंशन फंड में बढ़ोतरी होगी। वहीं जोखिम और रिटर्न के बीच संतुलन भी स्थापित होगा।
अटल पेंशन योजना (APY ) का जिक्र करते हुए मोहंती ने कहा कि पिछले वित्त वर्ष 2023-24 में एपीवाई से 1.22 लाख नए ग्राहक जुड़े। यह योजना शुरू होने के बाद से किसी भी वित्त वर्ष में अब तक की सर्वाधिक संख्या है। उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष में इस योजना से 1.3 करोड़ ग्राहकों के जुड़ने की उम्मीद है। पीएफआरडीए के अनुसार, जून 2024 तक API में शामिल होने वाले ग्राहकों की कुल संख्या 6.62 करोड़ को पार करने की उम्मीद है।

