स्टार्टअप्स को मार्गदर्शन, बुनियादी ढांचा समर्थन, बाजार पहुंच और वित्त पोषण के अवसर प्रदान करने के लिए सरकार ने पेटीएम के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं । यह जानकारी बुधवार को एक आधिकारिक बयान में दी गई। पेटीएम जिसका स्वामित्व वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड के पास है, वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा, उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) ने भारत में विनिर्माण और वित्तीय प्रौद्योगिकी (फिनटेक) स्टार्टअप के विकास में तेजी लाने और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए पेटीएम के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
बयान के मुताबिक, इस सहयोग के तहत, पेटीएम बुनियादी ढांचा समर्थन, बाजार पहुंच, स्टार्टअप्स को मार्गदर्शन और वित्त पोषण के अवसर प्रदान करेगा, जिससे उन्हें विस्तार और नवाचार करने में मदद मिलेगी।
डीपीआईआईटी के निदेशक सुमित कुमार जारंगल और पेटीएम के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) विजय शेखर शर्मा ने वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। डीपीआईआईटी ने पहले भी पेशेवर मंच अपना, रुकम कैपिटल, अवाना कैपिटल, भाने ग्रुप, फ्लिपकार्ट और आईटीसी सहित कई कंपनियों के साथ इसी तरह के समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं।

