पेटीएम के संस्थापक और सीईओ विजय शेखर शर्मा के एक बयान से पता चलता है कि वह पेटीएम बैंक की वापसी पर जल्द कोई बड़ा अपडेट दे सकते हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक पेटीएम के संस्थापक को उम्मीद है कि पेटीएम पेमेंट्स बैंक फिर से कारोबार में वापसी करेगा।
बता दें कि भारतीय रिजर्व बैंक ने पिछले साल पेटीएम पेमेंट्स बैंक के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए कई प्रतिबंध लगाए थे। प्रतिबंधों की वजह से विजय शेखर शर्मा को बैंक को फिनटेक कंपनी से दूर रखना पड़ा और नई पार्टनरशिप करनी पड़ी। विजय शेखर शर्मा की बैंक में 51 फीसदी हिस्सेदारी है और बाकी हिस्सेदारी वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड के पास है। आपको बता दें कि पिछले साल शर्मा ने बैंक के लिए नया सीईओ नियुक्त किया था और नया बैंकिंग ऐप भी लॉन्च किया था।
दिसंबर तिमाही में पेटीएम का घाटा घटकर 208 करोड़ रुपये रह गया है, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 219.8 करोड़ रुपये था। विजय शेखर शर्मा का कहना है कि अगली तिमाही में पेटीएम के नतीजे और भी बेहतर होंगे। गौरतलब है कि आरबीआई द्वारा पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड पर कार्रवाई के बाद पेटीएम के शेयरों में भारी गिरावट आई थी। पेटीएम अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी प्रवेश करने की कोशिश कर रहा है। इसने संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब और सिंगापुर में पेटीएम क्लाउड टेक्नोलॉजीज की तीन विदेशी सहायक कंपनियां स्थापित की हैं।

