इलेक्ट्रिक स्कूटर बनाने वाली कंपनी Ola Electric Mobility ने 500 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। मामले से जुड़े लोगों का कहना है कि ओला इलेक्ट्रिक ने सितंबर तिमाही से यह छंटनी शुरू की है। उनके मुताबिक ओला इलेक्ट्रिक की ओर से यह प्रक्रिया लंबे समय से चल रही है और इस साल जुलाई के आसपास इसकी शुरुआत की गई थी। जानकारों के मुताबिक यह ओला इलेक्ट्रिक की ओर से अलग-अलग विभागों और अलग-अलग स्तरों पर अतिरिक्त लोगों की छंटनी की एक क्रमिक प्रक्रिया है।
ओला इलेक्ट्रिक द्वारा चलाई जा रही छंटनी की यह प्रक्रिया इस महीने के अंत तक पूरी होने की उम्मीद है। बता दें कि कंपनी को हाल ही में स्कूटरों की बिक्री के बाद खराब और घटिया क्वालिटी की सर्विस के लिए काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। इस महीने की शुरुआत में केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने ओला इलेक्ट्रिक की सर्विस और इलेक्ट्रिक स्कूटरों में खराबी से जुड़ी शिकायतों की विस्तृत जांच के आदेश दिए थे। कंपनी ने पिछले महीने कहा था कि उसने CCPA से मिली शिकायतों में से लगभग 99.1 फीसदी शिकायतों का समाधान कर दिया है।
बता दें कि CCPA की कार्रवाई के बाद कंपनी के शेयरों में भारी गिरावट आई थी। ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों का 52-सप्ताह का उच्चतम मूल्य 157.53 रुपये और न्यूनतम मूल्य 66.60 रुपये है।

