मुंबई: शेयर बाजार की शुरूआत तेजी के साथ हुई, लेकिन बाजार में फिर बिकवाली आ गई. कारोबार के अंत में बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ. आज के कारोबार में मेटल और फार्मा को छोड़कर तकरीबन हर सेक्टर में बिकवाली देखने को मिली है. सबसे ज्यादा गिरावट बैंक और फाइनेंशियल शेयरों में रही है. फिलहाल सेंसेक्स में आज करीब 433 अंकों की गिरावट रही है और यह 37,877.34 के स्तर पर बंद हुआ है. वहीं निफ्टी भी 122 अंकों के करीब कमजोर होकर 11,178.40 के स्तर पर बंद हुआ. इसके पहले गुरूवार को शेयर बाजार फ्लैट बंद हुआ था. ग्लोबल संकेतों की बात करें तो गुरूवार को डाउ जोंस में 80 अंकों की गिरावट रही. वहीं आज एशियाई बाजारों में भी दबाव देखने को मिला है.
आज के कारोबार में सेंसेक्स 30 के 25 शेयर लाल निशान में बंद हुए हैं. सनफार्मा, एनटीपीसी, टाटा स्टील, टाइटन और इंफोसिस आज के टॉप गेनर्स रहे हैं. एक्सिस बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एसबीआई, बजाज फाइनेंस, आईटीसी और एचडीएफसी बैंक आज के टॉप लूजर्स हैं. निफ्टी पर प्रमुख 11 इंडेक्स में 9 लाल निशान में बंद हुए हैं. बैंक और फाइनेंशियल इंडेक्स में 2 फीसदी से ज्यादा गिरावट रही है. मेटल और फार्मा में 1 फीसदी से ज्यादा तेजी है. आटो इंडेक्स में 2.5 फीसदी गिरावट है. एफएमसीजी में 1 फीसदी से ज्यादा और रियल्टी इंडेक्स करीब 1 फीसदी गिरावट है.

