नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि एसोचैम की स्थापना के पहले 27 साल गुलामी के दौर में बीते और उस वक्त देश की आजादी ही मुख्य लक्ष्य थी लेकिन अब अगले 27 साल में भारतीय उद्योगजगत को पूरी दुनिया को अपनी क्षमता, प्रतिबद्धता और साहस को पूरे विश्वास के साथ दिखाना है।
श्री मोदी ने उद्योग संगठन एसोचैम के स्थापना सप्ताह में मुख्य अतिथि के रूप में आज दिये अपने संबोधन में कहा कि बीते 100 सालों में उद्योग जगत आज़ादी की लड़ाई से लेकर देश के विकास की यात्रा के हर उतार-चढ़ाव में भागीदार रहा है। उन्होंने कहा,“ एसोचैम की स्थापना के पहले 27 साल गुलामी के कालखंड में बीते। उस समय देश की आजादी, सबसे बड़ा लक्ष्य था। उस समय आपके सपनों की उड़ान बेड़ियों में जकड़ी हुई थी। अब एसोचैम के जीवन में जो अगले 27 साल आ रहे हैं, वो बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। अब से 27 वर्ष के बाद 2047 में देश अपनी आज़ादी के 100 साल पूरा करेगा। आपके पास बेड़ियां नहीं, आसमान छूने की पूरी आजादी है और आपको इसका पूरा लाभ उठाना है। अब आने वाले वर्षों में आत्मनिर्भर भारत के लिए आपको पूरी ताकत लगा देनी चाहिए। इस समय दुनिया चौथी औद्योगिक क्रांति की तरफ तेज़ी से आगे बढ़ रही है। नई टेक्नॉलॉजी के रूप में चुनौतियां भी आयेंगीं और अनेक नये सरल समाधान भी सामने आयेंगे और इसलिए आज वो समय है, जब हमें योजना बनानी है और उस पर अमल भी करना है। हमें हर साल के, हर लक्ष्य को राष्ट्रनिर्माण के एक व्यापक लक्ष्य के साथ जोड़ना है।”

