नई दिल्ली: मुकेश अंबानी यूरोप के सबसे अमीर व्यक्ति को पीछे छोड़ते हुए अब दुनिया के चौथे सबसे अमीर शख्स बन गए हैं. ब्लूमबर्ग बिलिनेयर्स इंडैक्स के मुताबिक, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन की दौलत अब 80.6 अरब डॉलर हो गई है, जिसमें 22 अरब डॉलर इस साल इकट्ठे हुए हैं. इससे उनकी दौलत फ्रांस के बर्नार्ड अरनॉल्ट से ज्यादा हो गई है जिनकी LVMH Moet Hennessy Louis Vuitton SE को नुकसान हुआ है. इसकी वजह कंपनी के लागत में कटौती के मुकाबले लोगों द्वारा हाई फैशन प्रोडक्ट्स की खरीदारी में तेज कमी करना है.
भारत के सबसे अमीर व्यक्ति ने हाल ही में कुछ सबसे बड़े कारोबारियों को पीछे छोड़ा है. इस सूची में सिलिकन वैली के बड़े नाम जैसे एलन मस्क और अलफाबेट इंक के को-फाउंडर Sergey Brin और Larry Page के अलावा ऑरेकल ऑफ ओमाहा कहे जाने वाले वॉरेन बफे शामिल हैं. जहां उनके समूह को कोरोना वायरस महामारी के संकट के बीच तेल की डिमांड में गिरावट के कारण झटका लगा, वहीं उसके शेयर मार्च में निचले स्तर से दोगुने हो गए हैं. इसकी वजह समूह की डिजिटल इकाई में कंपनियों द्वारा अरबों का निवेश है जिनमें फेसबुक इंक और गूगल शामिल हैं.

