नई दिल्ली: देश के सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी की अपनी मुख्य कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज से सालाना सैलरी वित्त वर्ष 2019-20 में भी 15 करोड़ रुपये रही। उनकी सैलरी पिछले लगातार 12 सालों से इसी स्तर पर है। रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के चेयरमैन और एमडी मुकेश अंबानी ने कोविड-19 को देखते हुए इस वित्त वर्ष सैलरी नहीं लेने का फैसला किया है।
मुकेश अंबानी ने 2008-09 से सैलरी, अलाउंस और कमीशन सभी मिलाकर अपने मेहनताने को सालाना 15 करोड़ रुपये पर बरकरार रखा हुआ है। वह अब तक सालाना 24 करोड़ रुपये से अधिक छोड़ चुके हैं जबकि कंपनी के सभी पूर्णकालिक निदेशकों के मेहनताने में पिछले वित्त वर्ष के दौरान अच्छी वृद्धि हुई।
RIL ने 2019-20 के लिए अपनी सालाना रिपोर्ट में कहा है कि कोविड-19 के कारण देश पर व्यापक सामाजिक और आर्थिक असर हुआ है। इसके मद्देनजर मुकेश अंबानी ने अपनी सैलरी छोड़ने का फैसला किया है। अंबानी ने अप्रैल अंत में अपनी सैलरी छोड़ने का फैसला किया था जब कंपनी के अधिकतर कर्मचारियों के वेतन में 10-50 फीसदी की कटौती करने का फैसला किया गया है।

