दिसंबर की शुरुआत में घोषित हुई पीएम वाणी (PM WANI) स्कीम में रोजगार और उद्यमिता के 2 करोड़ से अधिक अवसर सृजित करने की क्षमता है. यह बात ब्रॉडबैंड इंडिया फोरम (BIF) ने गुरुवार को कही. बीआईएफ ने सार्वजनिक वाईफाई मॉडल पीएम वाणी की व्यवहार्यता पर फैलाई जा रही गलत सूचनाओं की निंदा की और कहा कि नए ड्राफ्ट में दो करोड़ से अधिक रोजगार और उद्यमशीलता के अवसर हैं.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केन्द्रीय मंत्रिमंडल की 9 दिसंबर को हुई बैठक में PM-WANI स्कीम लॉन्च करने का फैसला किया गया था. PM-WANI यानी पीएम वाई फाई एक्सेस नेटवर्क इंटरफेस. सरकार का कहना है कि PM-WANI से देश में वाई फाई क्रांति आएगी और सभी को इंटरनेट सुलभ हो सकेगा. देश का हर नागरिक कहीं से भी इंटरनेट एक्सेस कर सकेगा.
बीआईएफ ने कहा कि इसके अलावा जब मोबाइल डेटा की कीमत बढ़ रही है, ऐसे में लोगों को वाईफाई के जरिए कनेक्टिविटी का सस्ता माध्यम मिलेगा. बीआईएफ के प्रेसिडेंट टी वी रामचंद्रन ने कहा कि एक सस्ता विकल्प होने के साथ ही मोबाइल डेटा का किराया लगातार बढ़ रहा है और कुछ रिपोर्ट के मुताबिक निकट भविष्य में यह 30-40 फीसदी और बढ़ सकता है.

