नई दिल्ली: भारतीय बैंकों का हजारों करोड़ रुपये लेकर देश से फरार भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी ने एक हलफनामे में दावा किया है कि वह कानून का पालन करने वाला नागरिक है और उसने केवल अमेरिका में इलाज के लिए भारत छोड़ा था। मेहुल चोकसी ने भारतीय अधिकारियों को उसके पूछताछ के लिए इनवाइट किया है। उसने कहा कि भारतीय अधिकारी उसके खिलाफ जो जांच कर रहे हैं उसे लेकर जो भी सवाल पूछना चाहते हैं वो पूछ सकते हैं।
एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, फरार कारोबारी ने डोमिनिका हाई कोर्ट में आठ पन्नों का एक हलफनामा दायर करके कहा है कि मैंने भारतीय अथॉरिटीज को मेरा इंटरव्यू लेने और किसी भी जांच को लेकर कोई भी सवाल पूछने को कहा है। देश छोड़ने को लेकर मेहुल चोकसी ने कहा कि मैं भारतीय एजेंसियों से कभी नहीं भागा। अमेरिका में इलाज कराने के लिए जब मैं देश से निकला तो मेरे खिलाफ कोई वारंट नहीं था।
बता दें कि पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में 13,500 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले में वांछित हीरा कारोबारी फिलहाल डोमिनिका पुलिस की हिरासत में है और डोमिनिकन मजिस्ट्रेट अदालत ने उसे जमानत देने से इनकार कर दिया है। चोकसी को कैरिबियाई द्वीपीय देश में अवैध रूप से प्रवेश करने के लिए 23 मई को गिरफ्तार कर लिया गया था।

