विदेशी निवेशकों द्वारा कल की भारी बिकवाली के बाद भारतीय शेयर बाजार आज दिन भर के बड़े उतार-चढ़ाव के बाद एक अच्छी उछाल पर बंद हुआ। सेंसेक्स 566.63 अंक उछलकर 76,404.99 अंक पर निफ्टी 130.70 अंक चढ़कर 23,155.35 अंक पर क्लोज हुआ। बाजार को सहारा आज आईटी और बैंकिंग शेयरों से मिला। सेंसेक्स पर इंफोसिस, सन फार्मास्युटिकल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, आईटीसी, टाइटन, टेक महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल और बजाज फाइनेंस के शेयर मुनाफे में रहे। हालांकि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों की आज भी बुरी पिटाई हुई।
वैश्विक बाजारों में मिले-जुले रुझानों के बीच बुधवार को सुबह सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान के साथ खुले। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई और दक्षिण कोरिया का कोस्पी लाभ में रहे, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। मंगलवार को अमेरिकी बाजार सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए।
अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.06 फीसदी बढ़कर 79.34 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक मंगलवार को विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बिकवाल रहे और उन्होंने शुद्ध रूप से 5,920.28 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
बाजार के जानकारों के मुताबिक आज बेंचमार्क इंडेक्स में निचले स्तरों से रिकवरी देखने को मिली। सेक्टरों में आईटी इंडेक्स में 2 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई हालांकि, बाजार का अल्पकालिक रुझान कमजोर बना हुआ है। डे ट्रेडर्स के लिए, 23000/75850 एक महत्वपूर्ण सपोर्ट ज़ोन के रूप में कार्य करेगा। यदि सूचकांक इस स्तर से ऊपर बना रहता है, तो पुलबैक फॉर्मेशन जारी रहने की संभावना है।

