महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) दिवाली त्योहार के दौरान अपनी नई SUV थार की 1000 यूनिट की डिलिवरी करेगी. कंपनी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. कंपनी ने बीते 2 अक्टूबर को अपनी इस एसयूवी को लॉन्च किया था. इसे पेट्रोल और डीजल विकल्प के साथ दो वेरिएंट AX और LX में उतारा है. नई थार की शोरूम कीमत 9.8 लाख से 13.75 लाख रुपये के बीच है.
लॉन्चिंग के बाद से महिंद्रा ने थार की डिलिवरी 1 नवंबर से शुरू कर दी है. पहली यूनिट की बिक्री सितंबर आखिर में आनलाइन बोली जीतने वाले कस्टमर को की गई. इसके बाद पिछले हफ्ते देशभर में 500 थार की डिलिवरी हुई. कंपनी ने शुक्रवार को जारी बयान के कहा कि दिवाली फेस्टिवल के दौरान कंपनी देशभर में 1000 यूनिट की डिलिवरी करेगी
कंपनी का कहना है कि वेरिएंट की जिस क्रम में बुकिंग हुई है, उसकी उपलब्धता के आधार पर डिलिवरी की जा रही है. महिंद्रा एंड महिंद्रा आटोमोटिव डिलिजन के सीईओ विजय नाकरा का कहना है कि कंपनी ने फेस्टिव सीजन के दौरान ग्राहकों के लिए बेहतर विकल्प उपलब्ध कराया है. देशभर में अबतक 500 थार की सफलतापूर्वक डिलिवरी की जा चुकी है.
नई महिन्द्रा थार की पहली यूनिट के लिए कंपनी ने एक ऑनलाइन नीलामी आयोजित की थी. इस नीलामी में नई थार की पहली यूनिट के लिए सर्वाधिक बोली 1.11 करोड़ रुपये की लगी थी. इस कीमत पर पहली 2020 महिन्द्रा थार दिल्ली के आकाश मिंडा की हो गई. नीलामी से मिली धनराशि का इस्तेमाल चैरिटी में होगा. नई थार का AX ट्रिम पूरी तरह से ऑफ रोड के शौकीनों के लिए है. वहीं LX ट्रिम में अधिक कंफर्ट फीचर्स हैं.

