एलएंडटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज ने 18 जुलाई को 313.6 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो पिछले साल की समान तिमाही के 311.1 करोड़ रुपये से 0.8 प्रतिशत अधिक है, ये जानकारी कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में दी है। फाइलिंग के अनुसार, जून तिमाही के नतीजों में मार्च तिमाही के 340.9 करोड़ रुपये के मुकाबले करीब नौ प्रतिशत की गिरावट देखी गई।
नतीजों पर एलएंडटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज लिमिटेड के सीईओ और प्रबंध निदेशक अमित चड्ढा ने कहा “हम अपनी ‘गो डीपर टू स्केल’ रणनीति और अपने संगठन ढांचे को तीन मुख्य खंडों में सरल बनाने के साथ अच्छी प्रगति कर रहे हैं। एआई में, हम अपने निवेश और नवाचार फोकस को तेज कर रहे हैं, जिसके कारण अब तक कुल 61 पेटेंट दायर किए जा चुके हैं। हम एसेट हेल्थ, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और डिजिटल असिस्टेंट में जनरल एआई में अपने समाधानों के दम पर एआई-आधारित सौदे जीतना शुरू कर रहे हैं.
फाइलिंग में कहा गया है कि कंपनी का परिचालन से राजस्व रिपोर्ट की गई तिमाही में 2,461.9 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले की समान तिमाही के 2,301.4 करोड़ रुपये की तुलना में सात प्रतिशत अधिक है। कंपनी ने अपने बयान में कहा है कि 30 जून को समाप्त तीन महीने की अवधि में, आईटी सेवा कंपनी ने 30 मिलियन डॉलर के दो सौदे, 15 मिलियन डॉलर के दो और 10 मिलियन डॉलर के टीसीवी के साथ तीन सौदे जीते। चड्ढा ने कहा, “पुनर्गठन के पहले चरण और प्रौद्योगिकी और नेतृत्व में संबंधित निवेश के पूरा होने के साथ, हम शेष वर्ष के लिए अपने प्रदर्शन को लेकर आश्वस्त हैं और वार्षिक राजस्व में 1.5 बिलियन डॉलर तक पहुंचने की हमारी आकांक्षाओं की पुष्टि करते हैं।” 18 जुलाई को, कंपनी के शेयर एनएसई पर 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,865 रुपये पर बंद हुए।

