नई दिल्ली: हवाई यात्रा के मामले में सरकार ने मई माह में इकोनॉमी क्लास की सीटों के लिए लोअर फेयर लिमिट तय की थी. अब नागर विमानन मंत्रालय ने प्रीमियम इकोनॉमी क्लास सीटों के लिए भी लोअर फेयर लिमिट को लागू करने का फैसला किया है. मंत्रालय ने कहा है कि हालांकि इकोनॉमी क्लास सीटों के लिए सरकार द्वारा तय अपर फेयर लिमिट, इकोनॉमी क्लास सीट्स पर लागू नहीं होगी. मंत्रालय ने इस बारे में 5 अक्टूबर को एक आदेश जारी किया.
बता दें कि नागर विमानन मंत्रालय ने 21 मई को 7 बैंड के जरिए घरेलू हवाई यात्रा के किराए पर लोअर व अपर लिमिट तय की थी. ये 7 बैंड फ्लाइट की ड्यूरेशन के आधार पर तय किए गए थे और 24 अगस्त तक लागू थे. लेकिन बाद में समयावधि बढ़ाकर इन्हें 24 नवंबर तक लागू कर दिया गया. भारत में 25 मई से घरेलू हवाई यात्रा फिर शुरू हो गई है.
भारतीय विमानन कंपनियों में केवल विस्तारा की फ्लाइट्स में प्रीमियम इकोनॉमी क्लास सीट्स हैं. 21 मई के अपने आदेश में बदलाव करते हुए मंत्रालय ने 5 अक्टूबर के आदेश में कहा कि लोअर फेयर बैंड प्रीमियम इकोनॉमी क्लास की सीटों पर लागू होगा.

