एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस अगले वित्तीय वर्ष में ग्रीन बांड लॉन्च करेगी। कंपनी इसके जरिए फंड जुटाने की योजना बना रही है. कंपनी का इरादा पर्यावरण अनुकूल आवासीय परियोजनाओं को वित्तपोषित करने का है। एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी त्रिभुवन अधिकारी के मुताबिक ग्रीन फाइनेंसिंग एक ऐसी चीज है जिस पर हम अगले साल गौर करेंगे और हम इस फंड का उपयोग ग्रीन हाउसिंग परियोजनाओं के वित्तपोषण के लिए करेंगे।
जानकारी के मुताबिक, एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस के निदेशक मंडल की बैठक 7 मार्च को होगी जिसमें ऋण या भुनाने योग्य गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर, शून्य कूपन बांड, अधीनस्थ ऋण, टियर दो बांड या किसी अन्य माध्यम से 2024-25 के लिए कर्ज जुटाने पर निर्णय लिया जाएगा। त्रिभुवन अधिकारी ने कहा कि मजबूत लोन डिमांड और गैर-प्रमुख व्यवसाय में विस्तार के कारण कंपनी को चालू वित्त वर्ष के अंत तक पांच हज़ार करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट होने की उम्मीद है।
अधिकारी ने कहा कि गैर-प्रमुख व्यवसायों में संपत्ति के बदले ऋण और किफायती आवास वित्त शामिल हैं। किफायती आवास खंड श्रेणी II और III बाजारों में मजबूत है। हमने इस सेगमेंट पर ध्यान केंद्रित किया क्योंकि यह लाखों महत्वाकांक्षी भारतीयों को कम बजट में घर खरीदने का अवसर देता है। अधिकारी ने कहा कि हमें उम्मीद है कि इस वित्तीय वर्ष का अंत अच्छे आंकड़ों के साथ होगा. त्रिभुवन अधिकारी के मुताबिक एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस ने तीन तिमाहियों में 3,675 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया है और इस वित्तीय वर्ष के अंत तक 5 हज़ार करोड़ रुपये का लक्ष्य छूने की उम्मीद है।

