सोमवार को जेफ बेजोस की दौलत में 13 अरब डॉलर यानी 97200 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। 2012 में ब्लूमबर्ग बिलियनर्स इंडेक्स की शुरुआत के बाद से यह पहला मौका है, जब महज एक दिन में किसी की संपत्ति में इतना बड़ा इजाफा हुआ है। सोमवार को अमेजॉन के शेयरों में 7.9 पर्सेंट का इजाफा हुआ, जो दिसंबर 2018 के बाद से सबसे अधिक है। इस साल जेफ बेजोस की संपत्ति में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली है। दरअसल ऑनलाइन शॉपिंग ट्रेंड में कोरोना काल में तेजी से इजाफा हुआ है, जिसका सीधा फायदा अमेजॉन को मिला है।
ऑनलाइन शॉपिंग में इस साल अब तक 73 पर्सेंट की बढ़ोतरी हुई है। 56 वर्षीय बेजोस की संपत्ति इस इजाफे के साथ ही 189.3 अरब डॉलर के लेवल पर पहुंच गई है। जेफ बेजोस की अमीरी का यह आंकड़ा इसलिए भी उल्लेखनीय है क्योंकि अमेरिका गहरी मंदी के दौर से गुजर रहा है। फिलहाल जेफ बेजोस की संपत्ति Exxon Mobil Corp, नाइकी और मैकडोनाल्ड की कुल मार्केट वैल्यूएशन से भी ज्यादा है। यही नहीं जेफ बेजोस की पूर्व पत्नी मेकेंजी बेजोस की दौलत में भी सोमवार को 4.6 अरब डॉलर की संपत्ति का इजाफा हुआ है और वह दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 13वें नंबर पर पहुंच गई हैं।

